Muzaffarnagar News
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में स्थित एक मदरसे से दो छात्र लापता हो गए। दोनों छात्र रविवार को मोहल्ले की एक दुकान से सामान लेने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद मदरसा प्रबंधक ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी के संबंध में कार्रवाई शुरू कर दोनों छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
खतौली के मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रहे थे दोनों छात्र
मामला खतौली के भूड़ क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामाबाद स्थित मदरसा फैजान उस्माने गनी का है। मदरसा प्रबंधक मोहम्मद सुहैल के मुताबिक, 11 वर्षीय मोहम्मद अली और 13 वर्षीय समीर मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
मोहम्मद अली बागपत जिले के छपरौली थाना क्षेत्र के गांव चौबली का निवासी है, जबकि समीर बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर का रहने वाला है।
दुकान से सामान लेने निकले, फिर नहीं लौटे
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र रविवार को मदरसे के पास मोहल्ले की एक दुकान से सामान लेने गए थे। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। जब काफी समय तक दोनों छात्र मदरसे में नहीं पहुंचे, तो उनकी तलाश की गई और परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।
सोमवार को मदरसा प्रबंधक मोहम्मद सुहैल दोनों छात्रों के परिजनों के साथ खतौली थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर दोनों छात्रों को तलाश करने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की लापता छात्रों की तलाश
थाना प्रभारी दिनेश चंद के अनुसार, तहरीर के आधार पर दोनों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम छात्रों की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल दोनों छात्र कहां हैं और किन परिस्थितियों में लापता हुए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।