मुजफ्फरनगर में 20 सितंबर को जयंत चौधरी की जनसभा, तैयारियों में जुटी RLD
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में RLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी 20 सितंबर को मुजफ्फरनगर जिले की पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगे। जनसभा को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गुरुवार को बुढ़ाना में पूर्व मंत्री योगराज सिंह के नेतृत्व में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ आगामी जनसभा की रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान योगराज सिंह ने क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में जयंत चौधरी की जनसभा में पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार में RLD कोटे से कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार भी पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
राजनीतिक गलियारों में इस जनसभा को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के कई नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ा रहे हैं और संगठनात्मक स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि बुढ़ाना क्षेत्र में आयोजित तैयारियों के माध्यम से पूर्व मंत्री योगराज सिंह भी अपनी राजनीतिक सक्रियता और संभावित दावेदारी को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जयंत चौधरी की यह जनसभा मुजफ्फरनगर के पचेंडा इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित की जाएगी, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। पार्टी नेताओं का दावा है कि यह कार्यक्रम पश्चिमी उत्तर प्रदेश में RLD की राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन साबित होगा।