Shamli Police Ki Giraft Me Aaropi
शामली संवाददाता (दीपक राठी) : उत्तर प्रदेश के जनपद शामली (Shamli) में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया है। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 40 किलो चाइनीज मांझा बरामद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

शासनादेश के तहत चला अभियान
बताया जा रहा है कि शासनादेश के अनुपालन में तथा जनपद में पतंगबाजी के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शामली (Shamli) एनपी सिंह के निर्देशानुसार जिले भर में चाइनीज मांझे की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्त निगरानी रखने और अवैध रूप से चाइनीज मांझा बेचने व रखने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हुई गिरफ्तारी
अभियान के दौरान शामली (Shamli) जिले की थाना झिंझाना पुलिस ने कस्बे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के साथ कलीम नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। वहीं थाना गढ़ी पुख्ता पुलिस ने गांव गढ़ी अब्दुल्ला निवासी आजम खान को चाइनीज मांझे के साथ दबोच लिया। इसी क्रम में थाना कांधला पुलिस ने गांव गंगेरू निवासी मुनव्वर को तथा थाना बाबरी पुलिस ने बाबरी निवासी सुनील को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के साथ गिरफ्तार किया।
शामली (Shamli) पुलिस द्वारा चारों आरोपियों के कब्जे से कुल मिलाकर करीब 40 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया है, जिसे जब्त कर लिया गया है।
चाइनीज मांझा जानलेवा, पूरी तरह प्रतिबंधित
शामली (Shamli) पुलिस अधिकारियों के अनुसार चाइनीज मांझा अत्यंत खतरनाक होता है, जिससे आम नागरिकों, राहगीरों, पशु-पक्षियों और विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए जान का खतरा बना रहता है। बीते वर्षों में चाइनीज मांझे से गले कटने और गंभीर रूप से घायल होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी को देखते हुए शासन द्वारा चाइनीज मांझे के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
शामली (Shamli) पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
शामली (Shamli) पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कोई भी व्यक्ति चाइनीज मांझा बेचते या रखते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि वे चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।