Ghazipur Police Holi
पवन कुमार (संवाददाता गाज़ीपुर): Ghazipur में पुलिस लाइन परिसर में होली का रंगारंग जश्न देखने को मिला। यहां पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर जमकर होली खेली। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक Dr. Irraj Raja और जिलाधिकारी Avinash Kumar भी मौजूद रहे।
होली के इस आयोजन में पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग, अबीर और गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। डीजे की धुनों पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जमकर झूमते नजर आए। उत्साह इतना था कि कुछ पुलिसकर्मियों ने एसपी को कंधों पर उठा लिया और सभी ने मिलकर नाच-गाकर जश्न मनाया।
Ghazipur में भोजपुरी गानों पर थिरके डीएम-एसपी
कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गानों की धुन पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी नाचते दिखाई दिए। डीएम और एसपी भी इस खुशी के माहौल में खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने भी पुलिसकर्मियों के साथ डांस किया। पूरे पुलिस परिवार ने एक साथ मिलकर होली का आनंद लिया।

कपड़ा फाड़ और कीचड़ की होली बनी आकर्षण का केंद्र
होली का माहौल उस समय और रंगीन हो गया जब पुलिसकर्मी कपड़ा फाड़ होली में शामिल हो गए। इसके बाद सभी ने मिलकर कीचड़ की होली भी खेली। पुलिस लाइन का पूरा परिसर रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आया।
इस दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह होली की मस्ती में डूबे दिखाई दिए और एक-दूसरे के साथ खुशी के पल साझा करते रहे।
सुरक्षा ड्यूटी के बाद मनाई जाती है पुलिस लाइन में होली
दरअसल होली के दिन पूरे जिले में पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालते हैं। इसलिए होली के अगले दिन पुलिस लाइन में यह विशेष आयोजन किया जाता है। यह परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है, जिसमें सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी एक साथ मिलकर त्योहार का आनंद लेते हैं।