कांगो में सैन्य विमान क्रैश, 2 लेफ्टिनेंट जनरल समेत 14 लोगों की मौत; हादसा या साजिश, जांच शुरू
Congo News: डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें देश के दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों समेत कुल 14 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किकविट से राजधानी किंशासा लौट रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आई, जिसके बाद वह केंगे क्षेत्र में क्रैश हो गया।
मृतकों में कांगो की मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया शामिल हैं। हादसे में विमान में सवार प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य और क्रू भी जान गंवा बैठे। अधिकारियों के अनुसार विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।
सेना ने की मौतों की पुष्टि
कांगो सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल यात्रा कर रहा था। प्रतिनिधिमंडल के कुल 12 सदस्य और विमान चालक दल के लोग भी दुर्घटना का शिकार हुए हैं।
तकनीकी खराबी की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक रिपोर्टों में विमान में तकनीकी समस्या आने की बात कही गई है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर किस कारण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। कांगो की सेना और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
सिविल एविएशन अथॉरिटी के बोर्ड चेयरमैन ट्रिफॉन किन-किये मुलुम्बा ने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
सुरक्षा संकट के बीच बड़ा झटका
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो पहले से ही गंभीर सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। देश के पूर्वी हिस्से में सेना और विभिन्न सशस्त्र समूहों के बीच संघर्ष जारी है। खासतौर पर M23 विद्रोही समूह की गतिविधियों ने हाल के वर्षों में सुरक्षा स्थिति को और जटिल बना दिया है।
हालांकि कुछ हलकों में हादसे को लेकर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन अब तक अधिकारियों ने दुर्घटना को किसी साजिश या सुरक्षा संकट से जोड़ने वाला कोई प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।